बुधवार, 8 अप्रैल 2020

कोरोना से सरकारें लड़ रही है या जनता ? - डॉ. आज़र ख़ान

               कोरोना वायरस से इस समय पूरी दुनिया लड़ रही है या कहा जाए जूझ रही है। हर देश के डॉक्टर अपनी जान की परवाह किए बिना दिन रात मरीज़ों की ज़िंदगी बचाने का हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। जिस प्रकार हमारे सैनिक दुश्मनों से बचाने के लिए अपने प्राणों को देश पर न्योछावर करने से डरते नहीं हैं, ठीक उसी प्रकार आज हर देश के डॉक्टर अपने देश के नागरिकों की ज़िंदगी बचाने के लिए अपनी ज़िंदगी की चिंता नहीं कर रहे हैं। डॉक्टर हमारे लिए किसी सैनिक से कम नहीं हैं। दुनियाभर में कोरोना से संक्रमित होकर मरनेवालों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है, साथ ही इन मरीज़ों की जान बचाने में लगे डॉक्टर भी इस वायरस से संक्रमित हो रहे हैं। इटली में अबतक सबसे अधिक डॉक्टरों की मौत कोरोना के संक्रमण से हो चुकी है। भारत में भी ये सिलसिला शुरू हो चुका है, लेकिन डॉक्टरों ने हार नहीं मानी है, वो बिना डरे हिम्मत के साथ अपना घर, परिवार, बच्चों को छोड़कर अपना फ़र्ज़ अदा कर रहे हैं। भारत जैसे देश में जहाँ डॉक्टरों के लिए भी उचित सुविधाएँ नहीं हैं, मीडिया के अनुसार सरकार इनके लिए हर तरह से सुविधाओं का प्रयास कर रही है। आज सभी धर्मों के लोग इन डॉक्टरों के अच्छे स्वास्थ्य के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं, साथ ही देश के नागरिकों के स्वस्थ होने और इन बीमारी को जड़ से ख़त्म करने के लिए प्रयासरत हैं। कोई भी बीमारी न तो धर्म देखती है, न जाति देखती है। इस बीमारी से लड़ने के लिए सामाजिक और शारीरिक दूरी परमआवश्यक है। इसलिए देश के सभी मंदिर और मस्जिद में होनेवाले पूजा-पाठ एवं नमाज़ अपने अपने घरों में अदा करने को कहा गया है। हर धर्म के लोग इस मुसीबत से निजात पाने के लिए धर्म और विज्ञान दोनों को साथ लेकर चल रहे हैं। मुस्लिम समाज के लोग रात के 10 बजे अपनी-अपनी छतों से एकसाथ अज़ान पुकारकर देश और दुनिया की सलामती की दुआ कर रहे हैं, वहीं हिंदू समाज में भी घरों में पूजा-पाठ करके सभी के स्वस्थ रहने की प्रार्थना की जा रही है। ऐसे समय में जब एक मुसीबत हमपे पूरी तरह से हावी हो चुकी है, तो इससे लड़के के लिए हममें आशा और एकता का होना बेहद ज़रूरी है। एकता वो नहीं, जो एक जगह एकत्र होकर दिखाई जाती है। यह प्रदर्शन का समय नहीं है, एक-दूसरे की बात पर भरोसा करना, उसपर अमल करना भी एकता के दायरे में आता है। इसलिए सरकार द्वारा जो दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं, देशवासियों को उनपर पूरी तरह अमल करना चाहिए। आज समय बहादुरी दिखाने का नहीं, बल्कि कायरता दिखाने का है, वैसे तो कायरता में हमने कई रिकॉर्ड बनाए हैं, शायद इसीलिए यह समय लाया गया है कि यह सब सही होने के बाद समय के महत्त्व को समझकर हम नई ऊर्जा के साथ अपने-अपने काम में लग जाएँ। कोरोना तो एक न एक दिन चला जाएगा, लेकिन यह हम सबको जीवन जीने का सबक देकर जाएगा और उस सबक से हमें बहुत कुछ सीखना होगा। सृष्टि के निर्माण से अबतक मनुष्य प्रकृति को छिन्न-भिन्न ही करता आया है। आज नतीजा यह हुआ कि साँस लेने के लिए स्वच्छ आक्सीजन वातावरण में कम हो गई है, धरती का तापमान बढ़ गया है, जंगली जानवरों के रहने के लिए जंगल नहीं रह गए हैं, पशुओं और पक्षियों की संख्या निरंतर घट रही है। आज मनुष्य घरों में बंद है तो प्रकृति को फलने-फूलने का पर्याप्त अवसर मिल रहा है। इस विपदा के बाद जो नई दुनिया मनुष्य को मिलेगी, उसका मनुष्य को ध्यान रखना होगा। सवाल मजदूर, ग़रीब, बेसहारा पर आकर ठहर जाता है, उनके लिए देश के छात्र, नौजवान, घर-घर राशन पहुँचा रहे हैं, इस जंग में उनके योगदान को नज़रअंदाज़ नहीं किया जा सकता। हर राज्य की सरकारों ने भी इनके लिए राशन-पानी का इंतज़ाम किया है। सरकार को चाहिए कि सबके तक ज़रूरत की चीज़ें पहुँच रही हैं, उसकी भी पड़ताल करे। मीडिया के लिए सिर्फ इतना कहना चाहूँगा कि तुम्हारा काम देश को जोड़ने का होता है, तोड़ने का नहीं। ये सब करने के लिए बहुत समय मिला है और आगे मिलेगा भी। इस भयावह समय में तो कम से कम बख्श दिया होता है। तुम चंद पत्रकारों ने सरकार की नाकामी को छिपाने का जो ज़िम्मा उठा रखा है, उसमें वही मनुष्य पिस रहा है, जिसकी तुम आवाज़ कहे जाते हो। सरकारों ने तो कभी स्वास्थ्य विभाग की तरफ़ नहीं ध्यान दिया, शिक्षा विभाग को नजरअंदाज़ किया, बेरोज़गारी के सामने अंधी हो गई। भ्रष्टाचार की आँधी में पंगु हो गई। सरकारों ने कुछ किया होता, तो इनमें इज़ाफ़ा नहीं कमी आती, लेकिन तुम चंद सिक्कों में बिके पत्रकार जनता की आवाज़ के स्थान पर नेताओं की बीन के सामने नाच रहे हो। इस समय इस महामारी से बचने और उसे हराने के तरीके जनता को बताने की जगह पर तुमने वही काम किया, जो तुम सालों से करते आ रहे हो। तुम दलालों और नेताओं से जनता हिसाब माँगेगी।

डॉ. आज़र ख़ान
युवा कहानीकार, आलोचक एवं पॉलिटिकल एनालिस्ट
पूर्व सचिव
शोध समिति अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी

सोमवार, 6 अप्रैल 2020

सुरीनामी भारतवंशियों से सीखना चाहिए भारत को वसुधैव कुटुम्बकम- प्रोफ़ेसर पुष्पिता अवस्थी


  • सुरीनामी भारतवंशियों से सीखना चाहिए भारत को वसुधैव कुटुम्बकम -प्रो. पुष्पिता अवस्थी

  • किसी भी सुदृढ लोकतंत्र की यह पहचान है कि वहां पक्ष और विपक्ष मजबूत होना चाहिए ना ही किसी का अंध समर्थन होना चाहिए और ना ही अंध विरोध यदि कोई अपनी बात कह रहा है तो
    उसकी बात को तर्क और वितर्क करके सोचना चाहिए नाकि उसको विपक्ष का समझकर कुतर्क करके मानवता को हानि पहुँचाना चाहिए यह सब कहने का तात्पर्य केवल इतना है इन सब बातों के गर्भ में कहीं ना कहीं मानवता छुपी हुई है जिसको पहचान कर हमें देशहित में सोचना चाहिए। वैश्विक स्तर पर अनेक यायावरी का जीवन जीने के उपरांत यही समझ बनी की हमारी संस्कृति, संस्कार, भाषा, मान्यताएं और परम्पराओ में वसुधैव कुटुम्बकम की सोंधी खुशबू पूरी दुनिया को महका रही है। सूरीनाम में भारतीय दूतावास में रहते हुए जब मैंने वहां पर भारतवंशियों के बीच साहित्यिक, सांस्कृतिक कार्य करना प्रारम्भ किया तो यह समझ मे आया कि सूरीनाम के भारतवंशियों में हमसे अधिक भारतीयता विधमान है क्योंकि वो वसुधैव कुटुम्बकम के सच्चे अर्थों में पुजारी है जो संस्कृति को अपना मानने में गर्व महसूस करते है एक तरफ वो रामचरितमानस को पढ़ते है तो दूसरी तरफ कबीर के दोहों, सवैया और रमैनी को गाते बजाते है। वहां लगभग 42 प्रतिशत भारतीय निवास करते है ना ही वो स्वयं को हिन्दू समझते है और ना ही मुसलमान वो स्वयं को भारतवंशी समझते है और सभी त्यौहार एकसाथ मिलकर मानाते है। शादी व्याह भी अधिकतर आपस मे ही करते है जिससे उनकी हिंदुस्तानियत की समझ वर्तमान के भारतीयों से अधिक प्रतीत होती है।
  • संसार भर में चीन को छोड़कर सभी देशों की यात्रा की है वहां की अधिकतर चीज़ों को समझने का प्रयत्न किया है लेकिन भारतीय संस्कृति को सबसे अद्वितीय पाया है। जब कहीं पर भारत का इण्डिया गेट और ताजमहल दिखता है तो मुझे अपने देश पर गर्व महसूस होता है।
  • वर्तमान समय मे पक्ष-विपक्ष ने जिस प्रकार से लोकतंत्र को समाप्त करने का घृणित कार्य किया है उससे मैं व्यक्तिगत तौर पर बहुत आहत हूँ। इसमें कोई शक नहीं है मैं कर्मकांडी ब्राह्मण हूँ। साई बाबा की पूजा करती  हूँ लेकिन मेरा धर्म किसी को गलत या निम्न समझने की आज्ञा नहीं देता है क्योंकि जैसा मुझे लगता है कि इस धर्म ने ही तो दुनिया को योग्य और श्रेष्ठता प्रदान की है।
  • अगर किसी को ज्यादा विस्तार से सूरीनाम के भारतवंशियों को समझना है तो मेरे 15 वर्षों के अथक प्रयासों से सृजित उपन्यास "छिन्नमूल" पढ़ लीजिये वहां की भारतीयता और यहां की हिंदुस्तानियत को समझ सकते है। आखिर फिर भी तो यह देश गांधी, विनोबा, सरदार बल्लभ भाई पटेल और मौलाना आज़ाद के सपनों का है, इसके बचाना हमारा कर्त्तव्य है।
  • जय हिंद
  • जय जगत
  • रामहरि
  • निष्पक्ष, निर्भय, निर्बेर
  • वंदेमातरम
  • प्रोफ़ेसर पुष्पिता अवस्थी
  • अध्यक्षा
  • आचार्यकुल संत विनोबा भावे
  • पवनार आश्रम
  • वर्धा एवं
  • संयोजक
  • हिंदी यूनिवर्स फॉउंडेशन
  • नीदरलैंड

गुरुवार, 2 अप्रैल 2020

कोरोना महामारी में एएमयू के छात्र-छात्राओं ने कैसे रखा गरीबो का ख्याल- अकरम क़ादरी

एएमयू के बारे में चाटुकार मीडिया ने आपके ज़हन और दिल मे जो इमेज बनाई हो लेकिन हमने हमेशा उनको जवाब दिया है उनकी नफरतों का भंडाफोड़ भी किया है और उनके मंसूबो को नाकाम भी किया है और आगे भी इंशाअल्लाह करेंगे....हमने नफरतों का जवाब मोहब्बत से देकर यह साबित किया है कि जंगे आज़ादी से लेकर हम इस देश के वफादार थे, वफादार है वफादार रहेंगे जिसको जो सोचना है सोचे हमे फ़र्क़ नहीं पड़ता है देश मे जितनी भी इंसानी या आसमानी परेशानियां आये हम अपने मदद के हाथ कभी भी रोकेंगे नहीं ....नफरती चिंटूओ को जो लिखना है लिखे यहां हर मज़हब और धर्म के लोग पड़ते और नफरतों से लड़ते है .....आज पूरी दुनिया मे कोरोना महामारी ने विकराल रूप ले लिया है फिर एएमयू तलबा की दर्ज़नो ऑर्गनाइजेशन गरीब, बेसहारा, मज़दूरों और रिक्शा चालकों की मदद करने के लिए अपनी जान को जोखिम में डालकर हर तरह की मदद पहुंचा रही है..हमारी सत्ता और उनकी गोदी मीडिया से हज़ारों मतभेद है लेकिन हमने कभी संविधान और इंसानियत से मुंह नहीं मोड़ा जब भी देश को हमारी ज़रूरत महसूस हुई तो हमने उनका साथ दिया जो लोग पढ़े-लिखे है वो एएमयू के हवाले से गांधी जी को पढले मौलाना आज़ाद को पढ़ ले समझ जाएंगे हमारी तारीख और हमारा काम ....हम ही वो अलीगढ़ है जिन्होंने जामिया जैसी यूनिवर्सिटी दी राजा महेंद्र प्रताप सिंह जैसा नेता दिया ... और ना जाने कितने देश और विदेशों को नेता दिए जिन्होंने अपने मुल्कों का नेतृत्व किया .....आज एएमयू के लड़के अलीगढ़ में जहां भी कोई गरीब, मज़दूर तकलीफ में होता है उसको हर तरीके से मदद कर रहे है उसके अलावा पूरी दुनिया मे फैले अलीग अपने अपने हिसाब से इंसानियत की मदद कर रहे है लोगो को बचाने की कोशिश कर रहे है ..... आपकी नॉलेज के लिए कुछ नाम बता रहा हूँ जिससे आपको मालूम हो कि अलीगेरियन ने कितना काम किया है मौजूदा महामारी से निपटने के लिए ...कितने चूल्हे जलवाकर इंसानों की पेट की आग बुझाई है.....फिर भी हमे कोई कुछ कहे... अलीगढ़ सबको  जवाब अपने तरीके से देता है......कुछ नाम दे रहा हूँ जो अभी काम कर रहे है अगर कुछ रह गए हो तो माफी चाहता हूं

-एएमयू कॉर्डिनेशन कमेटी
-MSO एएमयू यूनिट
-दारुल मुखलिसिन
-सोच
-रहबर फॉउंडेशन
-मेडिक्स
-वीर अब्दुल हमीद फेडरेशन
एएमयू रिलीफ कमेटी

अकरम हुसैन क़ादरी
रिसर्च स्कॉलर
एएमयू

सोमवार, 30 मार्च 2020

महामारी छोड़ो, नेतागिरी चमकाओ बस -अमान अहमद


महामारी में भी अपनी राजनीति चमका रहे हैं नेताजी..
 ऐसी महामारी के वक्त में पार्टी नेता लोगों की मदत कर रहे हैं, इसमें कोई दो राय नहीं है। लेकिन कुछ पार्टी नेता अपनी राजनीति भी चमका रहे हैं। खाने के डिब्बों पर भी अपनी पार्टी का प्रचार करने से नहीं चूक रहे हैं। उनका ये तरीका बहुत अफसोसजनक है। नेता गरीबों को जरूरत का सामान देने के दौरान पार्षदों और ग्राम प्रधानों को साथ लेकर चल रहे हैं। पार्षद और ग्राम प्रधान भी ऐसे लोगों को खाने पीने का सामान दिलवा रहे हैं , जो पहले से ही सम्पन्न हैं, और जिन्होंने उनको वोट दिया था। जबकि खाने पीने का सामान उनको मिलना जरूरी है जो दो वक्त का खाना जुटा नहीं पाते हैं। शहरों में पार्षद और गांव में प्रधान , अपनी मर्जी से लोगों का चुनाव करके लोगों की आईडी प्रूफ ले जाता है औऱ उनके नाम की लिस्ट नेता जी को सौंप देते हैं। और पैकिट उनके नाम से आ जाते हैं। मैं अपने ही इलाके का वाक़या आपको बताता हूँ। कल एक नेता जी मेरे इलाके में आये और कुछ ज़रूरत का सामान देकर चले गए। उन्होंने ये तक नहीं देखा कि समान जरूरतमंद लोगों तक पहुंच पायेगा कि नहीं। मैंने अपनी आंखों से देखा कि सुखी और सम्पन्न लोग समान के पैकिट ले जा रहे थे और गरीब लोग उनका मुंह ताक रहे थे। और अपना नाम बड़ी उत्सुकता से लिस्ट में देख रहे थे। एक पार्षद उनसे झूट बोलते हुए समझ रहा था कि ये लिस्ट सरकार की तरफ से आई है। इसमें आपका नाम नहीं है। गरीबों को क्या ख़बर की खाने का सामान किसने भेजा है। इस घटना को देखकर मेरा दिल बहुत दुःखी हुआ। क्या फायदा है ऐसी मदत का।
इन नेताओं से ज्यादा बड़े देशभक्त हमारे देश के किन्नर हैं। जो दिल खोलकर लोगों की मदत कर रहे हैं। वो खुद जाकर अपने हाथों से जरुरतमंद तक खाने-पीने का सामान पहुंचा रहे हैं। उनकी नजरों में हर व्यक्ति एक समान है, वो लोगों के सम्मान का भी ख्याल रख रहे हैं। क्योंकि वो जानते हैं कि वो लोगों को भीख नहीं दे रहे हैं।आज  बहुत बड़ा फर्क नज़र आ रहा है किन्नर और नेताओं में। मेरी नजरों में किन्नर देश के सम्मानित इंसान हैं। जो देश हित में अपनी भूमिका बख़ूबी निभा रहे हैं।
मैं ऐसे नेताओं से दरखास्त करना चाहता हूँ कि अगर उनको गरीबों की मदद करनी ही है ,तो खुद अपने हाथों से करें। जिससे उनके आत्म सम्मान को कोई ठेस ना पहुँचे। और खाने-पीने का सामान जरूरत मंदों के हाथों तक सही से पहुंचे। वरना वो ये सब बन्द कर दें। गरीबों का बे बजह दिल न दुखाएं। क्योंकि वो भी एक इंसान हैं।😔😔
अमान अहमद
शोधार्थी
एएमयू हिंदी विभाग 

रविवार, 29 मार्च 2020

आनंदबिहार दिल्ली में भीड़ जमा करने का दोषी कौन- डॉ. आज़र खान

स्तब्ध हूँ 😥
वास्तविकता ये है कि सत्ता के मोह में फँसे देश के सत्ताधारियों को यह पता ही नहीं है कि जिस देश में उनका राज है, वहाँ की कितने प्रतिशत जनता अपना घर छोड़कर दूसरे शहरों में रहती है। इन्होंने सोचा दो ढाई सौ लोग होंगे, जो पैदल चलकर आ रहे हैं, उन्हें उन्हें घर पहुँचाकर उनकी हमदर्दी ले सकें। उन्हें ये भी नहीं पता जनता वहाँ कैसे रहती है ? क्या करती है ? कैसे कमाती है ? कैसे खाती है ? कैसे अपने परिवार पालती है। देश के मुख्यमंत्रियों को यही नहीं पता कि उनके राज्य के कितने नागरिक दूसरे या उनके राज्यों में मजदूरी करके कमाते खाते हैं। एक महाशय कुछ स्कूलों में मजदूरों के खाने का इंतज़ाम का भरोसा टीवी के माध्यम से दिलवाते हैं। उन्हें अगर ये पता होता कि हजारों की संख्या में कितने मजदूरों को टीवी देखने का समय मिकता है या कितने मजदूरों के पास टीवी है भी या नहीं, कितने के पास एंड्राइड फ़ोन है। कुछ चैनेल्स के माध्यम से उन्होंने एलान करवाकर ये समझ लिया सबके पास समाचार पहुँच गया। कितने 4 दिन से भूख से तड़प रहे हैं, ये सुध नहीं ली। साथ ही मकान मालिकों के दुर्व्यव्हार ने उन्हें पैदल घर की ओर प्रस्थान को मजबूर कर दिया। उन्हें इस बात की ख़बर नहीं थी कि घर परिवार छोड़कर दो-दो पैसे की ख़ातिर दूसरे शहरों में पड़े रहते हैं, अपना और परिवार का पेट भरने की ख़ातिर। अगर पता होता तो ये लॉकडाउन इतनी देरी से नहीं 10 दिन पहले ही किया जाता, वो भी सभी मजदूरों को उनके घरों में पहुँचाकर, अगर पता होता तो हिंदू-मुस्लिम, भारत-पाकिस्तान न करके इनकी नौकरी का बंदोबस्त किया जाता, अगर पता होता तो CAA और NRC के तहत दूसरे देशों के नागरिकों नागरिकता देने और अपने देश नागरिकों से नागरिकता लेने संबंधी कानून नहीं पास कराए जाते। ऐसे कानून बनाए जाते, जिनसे हर राज्य के नागरिक बेरोजगार न रहें, दूसरे शहरों में काम न करके मजदूर अपने घरों में रहें, कोई भूखा न रहे, कोई किसी को प्रताड़ित न करे, धार्मिक और जातिपरक या किसी तरह का भेदभाव न हो। लेकिन ऐसे करने से राजनीतिक रोटियाँ सेकने को नहीं मिलती। अचानक से लिये गए निर्णयों से हमेशा देश का नुकसान ही हुआ है। अब मुश्किल घड़ी में सत्तासीन कुछ कद्दावर नेताओं ने ख़ुद नज़रबन्द कर लिया है। जब गरीबों की सहायता करने का समय आया तो ये भूमिगत हो गए।

मंगलवार, 24 मार्च 2020

खैरियत तो है ना! - मेराज अहमद


खैरियत तो है ना!

प्रतिदिन की भांति ही आज भी भोर में सैर के लिए साइकिल से निकला। विश्वविद्यालय में दाखिल होने वाले गेट का पहरुआ हमेशा की तरह ही चुपचाप एक तरफ के गेट को आधा खोलें बैठा था। उसने मुझे देखा मगर लगा कि वह आज अन्देखा कर रहा है। विश्वविद्यालय की सड़कों पर निकला सुबह वैसी ही थी जैसी अमूमन हर रोज की होती है।अंदर सब कुछ वैसे का वैसा ही जैसा हमेशा रहता था। इक्का-दुक्का सुबह की सैर वाले वही लोग भी वहीं मिले जो रोज जहां मिलते थे। एक नौजवान लड़का जो दिसंबर और जनवरी की भोर में भी सिर्फ आधी बांह की टी शर्ट पहने दौड़ लगाता मिल जाता वह भी मिला। मैंने आगे बढ़ते हुए निकलते हुए दिन के साथ वातावरण में प्रतिदिन की भांति ही धीरे-धीरे उठने वाली पंछियों की आवाजों को सुनने की कोशिश की… वैसे ही धीरे-धीरे शुरू होकर के पक्षियों की चहचहात बढ़्ती जा रही थी लेकिन ना जाने क्यों मुझे ऐसा लगने लगा कि आज इस कलरव में उत्साह की ऊर्जा नहीं शोक का संगीत है। मेरी साइकिल के आगे की तरफ मुझे घसीटते हुए पहियों के साथ ले जाने में कोई कोर-कसर नही छोड़ रही थी, पर ना जाने क्यों मुझे ऐसा लग रहा था कि सुबह में वातावरण की चमक फीकी पड़ती जा रही है। विश्वविद्यालय के निर्माता सर सैयद अहमद खान के घर के पीछे बने नए मैनेजमेंट डिपार्टमेंट को जाने वाली सड़क का छोटा गेट जो अक्सर अंदर से बंद होता आज वह खुला था। ठीक गेट के सामने प्राक्टर ऑफिस के वाहन में बैठे सुरक्षाकर्मी ने मुझे देखा तो मगर आज मुझे देखकर ना जाने क्यों नहीं मुस्कुराया ? बाकी अन्दर जाने वाली सड़क वैसी की वैसी ही थी लेकिन दोनों तरफ़ की क्यारियों में उगे पौधों पर खिले और खिलने की तैयारी मे बहुरंगी फूल सुस्त से लगे। भीतर भी अलग-अलग छोटे-छोटे टुकड़ों में सलीके से तराशे घास के मैदान ओस से भीगे हुए तो थे पर बूदों की चमक मध्यम थी। प्रतिदिन की भांति ही मेरे एक किनारे से दूसरे किनारे को तेज़ क़दमों नापते रहने के लगभग आधे घंटे बाद प्रतिदिन आने वाले लोग भी इक्का-दुक्का करके आने लगे। कुछ देर में कुछ एक को छोड़कर सभी पहुंच भी गए जो सब दिन आते थे। सलाम दुआ भी हुई लेकिन सब दूसरे दिनों की अपेक्षा खामोश चलते-फिरते, हल्की-फुल्की कसरत करते चुप-चुप और मुझे ना जाने लगातार ऐसा क्यों लगता रहा की सब बेहद उदास हैं।… पेड़ पौधे पर भांति भांति के फूल भी थे। कसरत से खिले हुए क्यारियों के चटक रंग के गुलाब सब सोये-सोये से थे। पूरब की ऊँची इमारत के पीछे सूरज का बड़ा दायरा दिखने लगा था, लेकिन उसमे वह बेताबी नहीं थी जो सारी क़ायनात में चमक बिखेरने के लिये होनी चाहिये थी। और तो और ! हाथ में पकड़े हुए बेंत को सड़क पर खट-खट बजाते लंबे-लंबे कदमों से आगे बढ़ते हुए 15 साल पहले रिटायर हुए प्रोफेसर ने भी सलाम के जवाब में बस इतना ही कहा, सब खैरियत तो है ना! मैनें  हमेशा की तरह आज न तो उनसे कुछ कहा न ही वह क्षण भर के लिये रुके जैसे रोज़ रुकते थे।

प्रोफेसर मेराज अहमद
कथाकार
उपन्यास - आधी दुनिया
अज़ान की आवाज़, घर के ना घाट के, दावत
Samay srujan


शुक्रवार, 6 मार्च 2020

सच्चे हिन्दू और कट्टर हिन्दू में फ़र्क़ - प्रोफ़ेसर अजय तिवारी

सच्चे हिन्दू और कट्टर हिन्दू में फ़र्क़- प्रो. अजय तिवारी
नयी शुरूआत
🔴
दिल्ली के आयोजित-प्रायोजित सांप्रदायिक ‘दंगों’ के बाद नयी तस्वीर उभर रही है।

यमुना विहार के सुभाष मुहल्ला में एक शिवमंदिर पूरी तरह सुरक्षित रहा, इसकी ख़बरें और तस्वीरें आयीं । साथ ही यह प्रेरणादायी सच भी कि वहाँ ३३ साल से साथ रह रहे हिंदू-मुसलमानों ने मिलकर उस मंदिर की रक्षा की। हालाँकि यहीं तीन मस्जिदें तोड़ी गयी थीं।

लेकिन ज़्यादा महत्वपूर्ण बात दूसरी है। मंदिर में हिंदू-मुसलमान मिलकर भोजन पका रहे हैं और बिना भेदभाव के साथ खा रहे हैं।

इसकी शुरूआत हुई दंगों से प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्य से। जैसे मुसलमानों की ओर से राहत का काम शुरू हुआ और वह बिना भेदभाव के सभी की मदद के लिए तत्पर है, वैसे ही हिंदुओं की ओर से भी राहत के काम में कोई भेदभाव नहीं है। लेकिन सबसे आश्चर्यजनक है दोनों का मिल-जुल कर भोजन पकाना, वह भी मंदिर में, और दूसरों को बाँटने के अलावा स्वयं साथ-साथ खाना!

पुजारी अंचल शर्मा सुबह का पूजा-पाठ करते हैं, आसिफ़ खान और पत्नी नुसरत सहायता के कामों का ज़िम्मा सँभालते हैं। अंचल पण्डित की माँ आश्वस्त हैं कि यहाँ के सभी मुसलमान मंदिर के लिए जान दे देंगे लेकिन हममें से किसी को नुक़सान नहीं होने देंगे।

इस तरह के विश्वास और भाईचारे के उदाहरण दिल्ली के मौजूदा दंगों में पहले की घटनाओं से बहुत ज़्यादा मिले। लेकिन नयी बात मिली खान-पान में हिंदू-मुसलमान का अंतर मिट जाना— साथ बनाना और साथ खाना। हम विश्वास करते हैं कि यह नयी शुरूआत हमारे समाज के अंतर्गठन को मज़बूत करेगी और साझेदारी की ऐसी पहलकदमियाँ देश भर में बढ़ेंगी। सांप्रदायिकता, नफ़रत, वहशत और अविवेकपूर्ण हिंसा से हम अपने समाज और देश को तभी मुक्त कर सकेंगे।
—अजय तिवारी